
जालंधर लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन पत्र भरने के बाद गहमागहमी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। लेकिन आज जालंधर में चुनावी शोर लोगों को सुनने के लिए नहीं मिलेगा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन के शोक स्वरूप लगभग सभी राजनीतिक दलों ने आज अपने कार्यक्रम रद कर दिए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने तो अपने जालंधर लाजपत नगर स्थित अपने पुराने गठबंधन के साथी शिरोमणि अकाली दल के सरप्रस्त प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक सभा भी रखी है। जहां पर राज्य के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। भाजपा ने बाकायदा रिलीज जारी कर अपने सारे कार्यक्रम रद करने की भी सूचना दी है।
दफ्तरों में आज देरी पहुंचे अधिकारी कर्मचारी
देर रात पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर मिलने के बाद आज सूबे के कर्मचारी इस मुगालते में रहे कि शायद आज छुट्टी होगी। सभी घरों में छुट्टी मनाकर बैठे तो इसी बीच पंजाब सरकार का पत्र जब कर्मचारियों के ग्रुपों में आया तो सभी जल्दी-जल्दी में दफ्तरों को भागे। पंजाब सरकार की जारी चिट्ठी में सिर्फ 27 अप्रैल को शोक में छुट्टी घोषित की गई थी।

कई दफ्तर तो आज सुबह दस बजे के बाद खुले। जबकि बहुत सारे दफ्तरों में आज स्टाफ भी नहीं पहुंचा। लेट होने पर बहुत सारे कर्मचारियों ने छुट्टी ही ले ली। कई दफ्तरों में कर्मचारियों ने हाफ डे लेकर दफ्तर में दोपहर बाद जॉइन किया। कई तो राष्ट्रीय शोक ही दो दिन की छुट्टी समझ कर घरों पर बैठे रहे।

