नगर निगम चुनावों को लेकर लोकल बॉडी विभाग ने शहर की 85 वार्डो को लेकर नई वार्ड बंदी का ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने पब्लिक नोटिस जारी कर आज से अगले 7 वर्किंग डे (छुट्टी के दिनों को हटा कर) में सुझाव देने और शिकायत करने के लिए कहा है।
नगर निगम की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 20 अप्रैल से अगले 7 वर्किंग वाले दिनों में कोई भी राजनीतिक पार्टी और जनरल पब्लिक नगर निगम के कार्यालय आ सकती है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आकर ड्राफ्ट नोटिफिकेशन और वार्ड बंदी के नक्शे को देख सकते हैं।
अगर किसी को इस पर सुझाव देने के लिए कहा गया है या ऐतराज है तो वह नगर निगम कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करवा सकता है।

200 सुझाव व शिकायतें निगम के पास पहुंची
नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि ने बताया कि अब तक उनके कार्यालय में लगभग 200 ये अधिक सुझाव और ऐतराज आ चुके हैं। अभी भी आने वाले दिनों में और भी सुझाव और ऐतराज आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत वह अपने कमेंट लिखकर पंजाब सरकार के लोकल बॉडी विभाग को भेजे जाएंगे। किसी भी वार्ड में किसी तरह का भी बदलाव लोकल बॉडी विभाग द्वारा ही किया जाएगा।

